गोंडा। शहर में 10 दिनों तक चली मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का मंगलवार, 24 नवंबर को समापन हो गया। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में करीब 1.38 लाख रुपये के उत्पादों की बिक्री हुई। समापन समारोह में तरबगंज ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
15 से 24 नवंबर तक लगी प्रदर्शनी
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से यह प्रदर्शनी 15 से 24 नवंबर 2026 तक डॉ. संपूर्णानंद प्रेक्षागृह (टाउन हॉल), कचहरी रोड, गोंडा में आयोजित की गई थी। देवीपाटन मंडल के क्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अजय कुमार सिंह ने प्रदर्शनी में हुई बिक्री की जानकारी दी। इस दौरान कम पूंजी में रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों और इकाइयों को अंगवस्त्र एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

तीन उद्यमियों को मिला मंडल स्तर का पुरस्कार
मंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार वासुदेव पुत्र जगराम, निवासी बुधईपुरवा, उज्जैनीकला, गोंडा को दिया गया। उन्हें 15 हजार रुपये का डमी चेक प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार रामकिशुन पुत्र अश्वनी कुमार, निवासी ग्राम चिलबिला खत्तीपुर, गोंडा को मिला, जिन्हें 12 हजार रुपये का डमी चेक दिया गया।
वहीं, तृतीय पुरस्कार मिताली केसरवानी, निवासी ग्राम एवं पोस्ट नवाबगंज, गोंडा को प्रदान किया गया। उन्हें 10 हजार रुपये का डमी चेक दिया गया। तीनों विजेताओं को मोमेंटो, अंगवस्त्र और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री में संस्थाओं को सम्मान

खादी की सर्वाधिक बिक्री के लिए क्षेत्रीय गांधी आश्रम, गोंडा को प्रथम, सेवा निकेतन, दरगहिया, गोरखपुर को द्वितीय और देवनिधि समग्र महिला विकास समिति, गोंडा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं, ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री में रसराज ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, प्रयागराज को प्रथम, जेपी फूड प्रोडक्ट, प्रतापगढ़ को द्वितीय और शहजाद फर्नीचर, सहारनपुर को तृतीय पुरस्कार मिला। सभी विजेता संस्थाओं को अंगवस्त्र और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को भी किया सम्मानित
समापन समारोह में ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडे और उपायुक्त उद्योग ने विजेता उद्यमियों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी प्रमाणपत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।