लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर स्थित सहारा सिटी परिसर में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। परिसर के मुख्य गेट के पास पार्किंग क्षेत्र और बाउंड्री के नजदीक स्थित एक भवन में आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि करीब एक किलोमीटर दूर तक धुएं का काला गुबार दिखाई दिया। आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे दमकल विभाग को मिली। आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, आग बुझाने के लिए 15 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और शेष लपटों को बुझाने का काम किया।

नगर निगम ने पहले ही सील किया था परिसर

इस घटना का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि सहारा सिटी परिसर को लखनऊ नगर निगम ने पहले ही सील कर रखा था। शुरुआती पुलिस जानकारी के मुताबिक, परिसर की बाउंड्री के पास स्थित एक भवन, जिसका इस्तेमाल कार्यालय के रूप में होने की आशंका है, आग की चपेट में आया। परिसर में तैनात निजी सुरक्षा गार्डों की मदद से पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

आग की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की टीमों ने आग को परिसर के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए अभियान चलाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और किसी व्यक्ति के अंदर फंसे होने की भी जानकारी सामने नहीं आई।

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है। आग से परिसर में हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।