लखीमपुर खीरी। जिला खीरी के नगर पंचायत सिंगाही कस्बे में आयोजित ऐतिहासिक महारानी सुरथ कुमारी स्टेट फुटबॉल टूर्नामेंट के तीसरे दिन शुक्रवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। फुटबॉल मैदान पर खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में जहां जीत का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, वहीं दूसरे मैच में सद्भावना क्लब गोरखपुर ने शानदार खेल दिखाते हुए 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला तराई स्पोर्टिंग क्लब और बरेली हॉस्टल के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और एक-दूसरे के गोल पोस्ट पर लगातार हमले किए। हालांकि, दोनों टीमों के मजबूत डिफेंस के चलते निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद मुकाबले का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें तराई स्पोर्टिंग क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बरेली हॉस्टल को 4-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
वहीं, दूसरा मुकाबला सद्भावना क्लब गोरखपुर और भेड़ौरा स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही गोरखपुर की टीम ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के 32वें मिनट में नितीश श्याम ने शानदार गोल कर गोरखपुर को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में भी गोरखपुर के खिलाड़ियों का आक्रामक खेल जारी रहा। 52वें मिनट में अनिल ने दूसरा गोल दागा, जबकि 68वें मिनट में रमेश ने तीसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इस तरह सद्भावना क्लब गोरखपुर ने भेड़ौरा स्पोर्टिंग क्लब को 3-0 से शिकस्त दी।

मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डॉ. एमआर सेठी, साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष पंकज सिंह, सचिव रवि कुमार शुक्ला, शिखर सिंह, रमा शाह, उत्तम कुमार सोनी, सतीश कुमार श्रीवास्तव, शिवपाल सिंह, परमजीत सिंह पम्मी, मोहिउद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।