बाराबंकी। किसान पथ पर शनिवार सुबह माती इलाके में दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद एक ट्रक के केबिन में आग लग गई। हादसे में चालक और परिचालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। स्क्रैप लदा ट्रक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसा, जिससे केबिन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर राख हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में लदा स्क्रैप सड़क पर बिखर गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद केबिन की तलाशी लेने पर दो व्यक्तियों के जले हुए शव बरामद हुए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी आफताब आलम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना के समय ट्रक के केबिन में कुल कितने लोग सवार थे। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।