सोनभद्र। पिपरी पुलिस ने करीब 1.63 करोड़ रुपये मूल्य के 34.850 टन एल्यूमिनियम चोरी के मामले का खुलासा करते हुए महाराष्ट्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया पूरा माल बरामद करने के साथ ही परिवहन में इस्तेमाल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

रेणुकूट स्थित हिंदाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से बेंगलुरु के लिए भेजा गया एल्यूमिनियम ले जा रहा ट्रक रास्ते में लापता हो गया था। घटना के बाद पिपरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। तकनीकी जांच और जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस को महाराष्ट्र के नासिक जिले में रहने वाले दो संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस टीम ने 24 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद 25 नवंबर को ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें सोनभद्र लाया गया।

नासिक जिले के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नासिक जिले के पर्सागांव, मालेगांव निवासी सचिन अशोक शेल्के और नवनाथ अशोक शेल्के के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया 34.850 टन एल्यूमिनियम बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.63 करोड़ रुपये बताई गई है। माल परिवहन में इस्तेमाल ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की गई। टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही चोरी की घटना में अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।