लखनऊ। बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान शुक्रवार, 27 नवंबर को राजधानी लखनऊ पहुंचे। उनके शहर पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी मौजूद रहीं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों कलाकार अपनी आगामी फिल्म 'मातृभूमि' के प्रमोशन के सिलसिले में लखनऊ पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भीड़ उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दी।
सलमान खान लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में भी शामिल होने पहुंचे। विश्वविद्यालय परिसर में अभिनेता को देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक जुटे। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
बॉलीवुड के भाईजान के राजधानी पहुंचने से उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है। सोशल मीडिया पर भी सलमान खान के लखनऊ दौरे की चर्चा हो रही है।