लखीमपुर खीरी। जिले के उत्तर निघासन वन रेंज के बेलरायां स्थित बैरिया बीट में गुरुवार दोपहर गन्ने के खेत में करीब 10 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेत में काम कर रहे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, पढ़ुआ गांव के पास शारदा नहर साइफन के नजदीक किसान अशोक शुक्ला के गन्ने के खेत में ग्रामीणों ने विशाल अजगर देखा। इसके बाद लोगों ने जोखिम उठाने के बजाय वन विभाग को सूचना दी।

वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही वनकर्मी राजेश राज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित रूप से नजदीकी अंतर्वेद वन क्षेत्र में छोड़ दिया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

शुक्रवार को इस रेस्क्यू अभियान का लाइव वीडियो भी सामने आया, जिसमें वन विभाग की टीम अजगर को सुरक्षित पकड़ने की कार्रवाई करती दिखाई दी।

वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील

इस संबंध में रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया था। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसे पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और आम लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।