बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में धान क्रय केंद्र से 16 बोरी जूट धान चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया धान और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवराज पुत्र मनोहर निवासी दक्षिणी टोला बंकी, थाना कोतवाली नगर, बाराबंकी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी फरार है।

धान क्रय केंद्र से चोरी की वारदात

पुलिस के मुताबिक, 23 और 24 नवंबर की मध्यरात्रि ग्राम दरियापुर मजरे मौजमपुर स्थित जयश्री बालाजी ट्रेडर्स धान क्रय केंद्र के बाहर से 16 बोरी धान चोरी कर लिया गया था। मामले में थाना बड्डूपुर में मुकदमा अपराध संख्या 452/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 26 नवंबर को बड्डूपुर पुलिस टीम ने आरोपी शिवराज को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में साथी के साथ चोरी की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुमित पुत्र कामता निवासी खेवली, थाना देवा के साथ मिलकर धान चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस ने चोरी के 16 बोरी जूट धान के साथ घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या यूपी 41 बीटी 4792 भी बरामद किया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी पर नौ मुकदमे दर्ज

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शिवराज का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके विरुद्ध बाराबंकी जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी सुमित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सोनकर, उपनिरीक्षक आलोक सिंह तथा कांस्टेबल राकेश यादव, मो. इरफान और सुग्रीव सिंह शामिल रहे।