लखीमपुर खीरी। आगामी चुनावों को देखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और त्रुटियों को सुधारने का अभियान शुरू कर दिया गया है। मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रकाशित सूची में 1,75,442 पुरुष और 1,46,336 महिला मतदाता दर्ज हैं। विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 3,21,781 बताई गई है।
एसडीएम ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। ऐसे युवा और युवतियां, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, नए मतदाता बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर संबंधित कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
21-22 और 28-29 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष अभियान
उपजिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को पूरी विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहकर नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करेंगे और लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी देंगे।
राजनीतिक दलों और कॉलेजों से मांगा सहयोग
एसडीएम राजेश प्रताप सिंह के अनुसार, मतदाता पंजीकरण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई है। उनसे नए मतदाता बनाने में सहयोग मांगा गया है। राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के 49 महाविद्यालयों और इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से भी सहयोग करने का अनुरोध किया गया है। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत गोष्ठियों का आयोजन कर युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
गलती सुधारने के लिए भरें फॉर्म-8
एसडीएम ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में 31,769 नए मतदाता जुड़े हैं। जिन मतदाताओं के नाम में गलती है या अन्य विवरण में संशोधन कराना है, वे फॉर्म-8 भरकर सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने पात्र युवाओं से निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।