गोंडा। जिले के मिश्रौलिया गांव में रविवार को 21 वर्षीय विवाहिता नंदिनी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि नंदिनी छह माह की गर्भवती थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
शादी के तीन महीने बाद शुरू हुई थी प्रताड़ना, मायके पक्ष का आरोप
नंदिनी के पिता सत्य नरायन देहात कोतवाली क्षेत्र के फिरोजपुर तरहर के निवासी हैं। उनके मुताबिक, नंदिनी की शादी 3 अप्रैल 2026 को मिश्रौलिया निवासी संजय कुमार के साथ हुई थी। बचपन में माता-पिता से अलग होने के बाद नंदिनी का पालन-पोषण उसके नाना अनोखी लाल ने किया था।

मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद से ही ससुराल में नंदिनी को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। सास और बहू के बीच भी अनबन रहती थी।
शव मिलने की सूचना पर ससुराल पहुंचे मायके पक्ष के लोग
नंदिनी के जीजा रवींद्र के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार को नंदिनी का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से उतार लिया गया था।

पुलिस को तहरीर मिलने का इंतजार
नगर थाना प्रभारी बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।