बांदा : पुलिस लाइन बांदा के खेल मैदान में सोमवार को प्रयागराज जोन की 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने फीता काटकर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसमें प्रयागराज जोन के आठ जनपदों की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। अगले तीन दिनों तक मैदान पर क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
आठ जिलों की टीमों ने किया मार्च पास्ट

प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बांदा, प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, महोबा, हमीरपुर, प्रतापगढ़ और चित्रकूट की पुलिस टीमों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर सभी टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
एसपी ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित

इस दौरान एसपी पलाश बंसल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय और नेतृत्व क्षमता भी मजबूत होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना और पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की।
तीन दिनों तक मैदान पर दिखेगा क्रिकेट का रोमांच
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में आठ जनपदों की पुलिस टीमें अपनी खेल प्रतिभा और क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक बांदा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।