गोंडा। फॉरेक्स ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर ठगी के आरोपों को लेकर चर्चा में रहे लविश चौधरी उर्फ नवाब अली की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। गोंडा के एक कारोबारी ने अधिक मुनाफे का लालच देकर 35 लाख रुपये निवेश कराने और बाद में रकम वापस न करने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर इटियाथोक कोतवाली पुलिस ने लविश चौधरी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिवपुरिया विशुनपुर संगम निवासी कारोबारी अनिल कुमार तिवारी ने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि चंडीगढ़ निवासी संजय जायसवाल और पटना निवासी ब्रिजेश कुमार ने व्यापारिक साझेदारी और निवेश के नाम पर उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने 'बटको' (Botco/Bitco) नाम की कंपनी में अधिक मुनाफे का भरोसा दिलाकर उन्हें दिल्ली में आयोजित एक सेमिनार में बुलाया। वहां कंपनी से अच्छा रिटर्न मिलने की बात कहकर उनका विश्वास जीता गया।
पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने 31 दिसंबर 2023 को पहली बार 10 लाख रुपये निवेश किए। शुरुआत में कुछ रिटर्न मिलने के बाद उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद लविश चौधरी के कहने पर अगस्त 2024 में आठ लाख, जनवरी 2025 में 10 लाख और अप्रैल 2025 में सात लाख रुपये और निवेश किए। इस तरह कुल निवेश की रकम 35 लाख रुपये हो गई।
कंपनी के नाम बदलने और वेबसाइट बंद करने का आरोप
कारोबारी का आरोप है कि कुछ समय बाद कंपनी ने रिटर्न देना बंद कर दिया। शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने कथित तौर पर अलग-अलग समय पर अपने नाम बदलकर पहले 'अपग्रो', फिर 'बट अपग्रो', इसके बाद 'वंश मार्केट' और अंत में 'माइनक्रिप्टो' कर लिया। बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया और वेबसाइट भी बंद हो गई।
पीड़ित ने यह भी दावा किया कि उनके भरोसे पर उनके कई परिचितों ने भी कंपनी में निवेश किया था। मामले में न्यायालय के आदेश के बाद मंगलवार देर शाम करीब 3:57 बजे इटियाथोक कोतवाली में लविश चौधरी, ब्रिजेश कुमार और संजय जायसवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे की प्रति बुधवार सुबह सामने आई।
फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।