बांदा। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बांदा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर पांच थाना क्षेत्रों से 42 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जसपुरा थाना पुलिस ने सबसे अधिक 16 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं बबेरू पुलिस ने 11, चिल्ला पुलिस ने सात, मरका पुलिस ने पांच और कालिंजर थाना पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।