गोंडा। तरबगंज-दुर्जनपुर हाईवे पर बाबा पुरवा चौराहे के पास गुरुवार को टेंट के सामान से लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान पिकअप के ऊपर बैठे सात बच्चे और चालक वाहन व टेंट के सामान के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गौहानी ग्राम सभा के टापरा गांव निवासी भाईलाल के बेटे विकास की मंगलवार को शादी थी। गुरुवार को विदाई की रस्म के बाद विकास दुर्जनपुर टेंट हाउस की पिकअप से टेंट का सामान लौटाने जा रहे थे। पिकअप के ऊपर दुर्जनपुर के अहिरन पुरवा गांव से रिश्तेदारी में आए बच्चे भी बैठे हुए थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में बाबा पुरवा चौराहे के पास पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गई। हादसे में सुमित (11), रोली (16), दिव्यांशी (12), शनि (8), नीरज (18), हिमांशु (17) और लवकुश (20) समेत चालक वाहन और टेंट के सामान के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी को बाहर निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
हादसे में आठ वर्षीय शनि के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिक्रमा के चलते सड़क पर बढ़ी थी भीड़
चौराहे के स्थानीय लोगों के मुताबिक, सहालग के साथ 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा भी चल रही है। इसके चलते हाईवे पर वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक है। लोगों का कहना है कि हादसे में बड़ा नुकसान होने से बच गया।