गोण्डा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में गोंडा स्थित आजाद समाज पार्टी के जिला कार्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के निर्देशन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें आजाद समाज पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के संयुक्त गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' को लेकर पार्टी नेताओं ने अपनी रणनीति और चुनावी दावे सामने रखे।

प्रेस वार्ता में गठबंधन को दूसरा या तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि प्रदेश का पहला राजनीतिक मोर्चा बताते हुए नेताओं ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की राजनीति की दिशा और दशा तय करेगा। पार्टी नेताओं ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताते हुए उन्हें प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने का दावा भी किया।

जयशंकर गौतम ने सपा और भाजपा पर साधा निशाना

देवीपाटन मंडल प्रभारी जयशंकर गौतम ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल सामंतवादी और पूंजीवादी विचारधारा पर काम कर रहे हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में सपा ने कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़कर भाजपा को फायदा पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों में सपा को एक प्रतिशत वोट भी नहीं मिला।

गौतम ने कहा कि उनकी लड़ाई बहुजन समाज के हक और अधिकारों की लड़ाई है। पार्टी 'बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय' के सिद्धांत को धरातल पर उतारना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुजन समाज के महापुरुषों का अपमान, प्रमोशन में आरक्षण से जुड़े मुद्दे, सरकारी संस्थानों और जिलों के नाम बदलने तथा बहुजन समाज पर हो रहे कथित अत्याचारों के मामलों में कुछ राजनीतिक दलों की भूमिका निराशाजनक रही है।

उन्होंने कहा कि बहुजन समाज अब ऐसी राजनीति से निराश और हताश है तथा सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उसके अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाएगा।

गोंडा की तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित

गठबंधन के बाद आजाद समाज पार्टी ने गोंडा जिले की सात विधानसभा सीटों में से छह पर चुनाव लड़ने की बात कही है। प्रेस वार्ता में पार्टी की ओर से तीन विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए।

घोषित नामों के अनुसार गौरा विधानसभा सीट से सुरेश यादव, गोंडा सदर से मोबीन अहमद शाह और करनैलगंज विधानसभा सीट से उषा साहनी को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी नेताओं ने बताया कि इन उम्मीदवारों को पार्टी के खर्च पर चुनाव लड़ाया जाएगा।

नेताओं के मुताबिक, शेष विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम भी जल्द तय किए जाएंगे। इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद द्वारा लिया जाएगा।

26 नवंबर की लखनऊ रैली पर टिकी निगाहें

प्रेस वार्ता में बताया गया कि 26 नवंबर को लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रैली आयोजित होगी। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि यह रैली प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने में अहम साबित होगी।

फिलहाल आजाद समाज पार्टी और AIMIM के गठबंधन ने चुनावी मैदान में उतरने के संकेत देते हुए गोंडा की तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। अब नजरें लखनऊ की प्रस्तावित रैली और शेष सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा पर टिकी हैं।