लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में रविवार को लखनऊ में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं, एक्सप्रेस-वे निर्माण, सड़क मरम्मत, रोजगार सृजन और गरीब एवं श्रमिक वर्ग के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए निजी क्षेत्र को दी जा रही नीतिगत रियायतों, सुविधाओं और सब्सिडी का अधिकतम लाभ प्रदेश के युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। रोजगार सृजन और जनहित प्रत्येक नीति एवं निर्णय का प्रमुख आधार होना चाहिए।
एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे की निविदा प्रक्रिया आगामी 30 नवंबर तक अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 91.46 प्रतिशत भूमि का क्रय पूरा हो चुका है और चयनित फर्म को लेटर ऑफ अवार्ड (एलओए) जारी कर दिया गया है।
इसी प्रकार आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 82.98 प्रतिशत, झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 86.04 प्रतिशत और जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए 83.45 प्रतिशत भूमि प्राप्त कर ली गई है। इन परियोजनाओं के निर्माण के लिए चयनित फर्मों को एलओए भी जारी किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे, विंध्य एक्सप्रेस-वे और विंध्य-पूर्वांचल स्पर के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब के लिए प्राप्त निविदाओं की वित्तीय बिड अगले दो सप्ताह में खोलने और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क से जुड़ी कार्यवाही तेज करने को कहा।
47,248 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने 47,248 करोड़ रुपये की लागत वाली 279 परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत शेष बची सड़कों की मरम्मत का कार्य तत्काल पूरा कराने पर भी जोर दिया।

सिंचाई क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं में मध्य गंगा नहर परियोजना के द्वितीय चरण, हस्तिनापुर तटबंध और सिंहवाहिनी पम्प नहर परियोजना को शीघ्र लोकार्पित करने के निर्देश दिए गए।
12.50 लाख गरीब परिवारों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने जीरो पावर्टी अभियान के तहत चिह्नित 12.50 लाख परिवारों को आवास, आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय कार्ड और रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं से संतृप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने श्रमिकों के लिए लेबर अड्डों पर लगाए जा रहे शिविरों के माध्यम से श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, रियायती भोजन और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जरूरतमंद श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
3.10 लाख आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय पर मुख्यमंत्री का निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रदेश के 88 विभागों में कार्यरत 3,10,437 आउटसोर्सिंग कार्मिकों को नई व्यवस्था के तहत बढ़ा हुआ मानदेय समय से और पूरा प्राप्त हो। उन्होंने महिला श्रम भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्माणाधीन वर्किंग वूमेन हॉस्टल्स के कार्यों में तेजी लाने को भी कहा।
इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में स्थापित की जा रही 11,350 डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण एवं संचालन से जुड़े कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास परियोजनाओं में देरी और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। सरकार की प्राथमिकता बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और गरीब परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।