गोंडा के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने बुधवार को तरबगंज तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम ऐली परसौली का दौरा किया। दोपहर करीब 1 बजे गांव पहुंचे मंत्री ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय के साथ बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 500 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री किट वितरित की गई। वहीं, जमीन कटान से प्रभावित 6 परिवारों को 5-5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
‘मैं आश्वासन देने वाला मंत्री नहीं हूं’
बाढ़ पीड़ितों से बातचीत के दौरान मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि सरकार और प्रशासन प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह केवल आश्वासन देने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि समस्याओं का समाधान कराने के लिए काम करने में विश्वास रखते हैं। मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ से जुड़ी उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने रखा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी बाढ़ प्रभावित परिवार को राहत और जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
CSR के जरिए छाता, टॉर्च और मच्छरदानी भी बांटी
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और जिला प्रशासन की पहल पर CSR के माध्यम से अतिरिक्त राहत सामग्री की भी व्यवस्था की गई। इसके तहत बाढ़ प्रभावित लोगों को छाता, टॉर्च और मच्छरदानी वितरित की गई। मंत्री ने कहा कि सरकार के साथ भाजपा और सहयोगी दलों के कार्यकर्ता भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में जुटे हैं। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार पहुंचाई जाएं।
नेपाल से आने वाले पानी से बढ़ती है बाढ़ की समस्या
बाढ़ की स्थिति पर मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि नेपाल से आने वाले पानी की रफ्तार काफी तेज होती है, जिसके कारण तरबगंज क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति से लड़ना संभव नहीं है, लेकिन सरकार प्रभावित लोगों को राहत देने और नुकसान को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
तटबंध का भी किया निरीक्षण
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के साथ ही तटबंध का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तटबंध की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि फिलहाल तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है और बाढ़ विभाग के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और ग्रामीणों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी और बेलसर ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Uttar Pradesh
Gonda News:गोंडा में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री आशीष पटेल, बोले- ‘मैं आश्वासन देने वाला मंत्री नहीं हूं’


