गोंडा। हवाई हमले या युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को परखने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से गोंडा में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) इंटर कॉलेज मैदान में नागरिक सुरक्षा एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभ्यास के दौरान आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया गया।
शाम करीब 6 बजे जैसे ही सायरन बजा, कॉलेज परिसर और आसपास की सभी लाइटें बंद कर दी गईं। इसके साथ ही हवाई हमले का सांकेतिक अलर्ट जारी किया गया। अलर्ट मिलते ही लोगों ने सुरक्षित स्थानों और बनाए गए बंकरों में शरण ली। इस दौरान ब्लैकआउट की प्रक्रिया और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का अभ्यास कराया गया।
घायलों को बचाने और अस्पताल पहुंचाने का हुआ अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स के सहयोग से घायलों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया। इसके साथ ही घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारियों को परखा गया।

अधिकारियों ने बताए ब्लैकआउट के महत्व और सावधानियां
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद और अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। जिला आपदा विशेषज्ञ ने ब्लैकआउट के महत्व, इसके दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और आम नागरिकों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी आपदा या संकट की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों के साथ आमजन की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखें, स्वयं सुरक्षित रहें और जरूरतमंदों की मदद करें।

अफवाहों से बचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील
अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक ने संकट के समय शांति और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।
मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, सिविल डिफेंस, रेड क्रॉस और एनसीसी के जवानों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, एआरटीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना और आम नागरिकों को संकट के समय सुरक्षित रहने के तरीकों के प्रति जागरूक करना रहा।