बांदा। कालिंजर थाना क्षेत्र के नौगवां गांव में नदी में डूबकर तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष उमेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष मुन्ना सिंह पटेल समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

ग्रामीणों के मुताबिक, सपा नेत्री सुमन दिवाकर भी घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार से मिली थीं और सहायता दिलाने का भरोसा दिया था। वहीं, परिजनों ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों की ओर से उन्हें सहयोग मिल रहा है। प्रशासन ने भी हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

नदी में डूबने से हुई थी तीन मासूमों की मौत

गौरतलब है कि रविवार को नौगवां गांव स्थित सिमरन नदी घाट पर बागेन नदी में नहाते समय दो सगे भाई ऋषभ और अंश अपने मौसेरे भाई पीयूष के साथ डूब गए थे। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

उधर, विधानसभा नरैनी के सपा सचिव लालू यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सिराज सिद्दीकी ने भी पीड़ित परिवार को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।