लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सरकारी संस्थाओं को बर्बाद करने और पुलिस के राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। रविवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है और मुख्यमंत्री न्याय नहीं होने देना चाहते हैं।

अखिलेश यादव ने गोरखपुर मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में मौत के मामलों में कार्रवाई का मापदंड एक जैसा क्यों नहीं है।

सड़क हादसों पर सरकार से पूछे सवाल

अखिलेश यादव ने लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़ी दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई थी। उन्होंने सवाल किया कि उस मामले में कितने लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था और मुख्यमंत्री पर मुकदमा होना चाहिए था या नहीं।

उन्होंने गोरखपुर में टक्कर से हाथी की मौत का जिक्र करते हुए भी पूछा कि इस मामले में किसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 27 हजार लोगों की मौत हुई और देश में दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों के मामलों में 44 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किस तरह का इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। उनके मुताबिक, हर साल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन इन मामलों में कार्रवाई को लेकर समान मापदंड दिखाई नहीं देता। उन्होंने सरकार पर बदले की भावना से काम करने और सपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

सिपाही की मौत के मामले में सपा भेजेगी प्रतिनिधिमंडल

अखिलेश यादव ने कहा कि सिपाही की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जाएगा और पीड़ित परिवार की मदद करेगा।

उन्होंने अलग-अलग घटनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा नेताओं और मंत्रियों के काफिलों से जुड़ी दुर्घटनाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने 3 अक्टूबर 2021 को लखीमपुर खीरी के तिकोनिया में हुई घटना का उल्लेख किया, जिसमें भाजपा नेता एवं तत्कालीन मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे पर थार से किसानों को कुचलने का आरोप लगा था।

इसके अलावा उन्होंने 26 नवंबर 2022 को भाजपा सांसद के काफिले से कथित तौर पर कुचलकर नौ वर्षीय बच्चे की मौत, अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़ी दुर्घटना, कानपुर में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ रैली के दौरान सिपाही की मौत और ललितपुर में मंत्री के काफिले से जुड़े हादसे का जिक्र किया।

अखिलेश यादव ने अर्जुनगंज दुर्घटना के पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि इन घटनाओं में कितने लोगों के खिलाफ हत्या के मुकदमे दर्ज किए गए।

गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोरखपुर शिक्षक एमएलसी चुनाव में यदि बेईमानी नहीं हुई होती तो भाजपा की स्थिति शून्य हो जाती।

सरकार बनने पर बुनकरों को फिक्स रेट पर मिलेगी बिजली: अखिलेश

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने किसानों और बुनकरों को समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों और बुनकरों की हर तरह से मदद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बुनकरों को पहले की तरह फिक्स रेट पर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही उनके उत्पादों के लिए बाजार की सुविधा, कच्चे माल की व्यवस्था और अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि बुनकर समाज अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी है। बुनकर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।