लखीमपुर खीरी। जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का इस्तेमाल लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। अब इसकी चपेट में एक पुलिसकर्मी आ गया। मिश्राना चौकी क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे एक सिपाही की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सिपाही बाइक से नीमगांव ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया। मांझा धारदार होने के कारण उसकी गर्दन पर गहरा कट लग गया। सिपाही ने किसी तरह बाइक रोकी और आसपास के लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार, सिपाही की गर्दन पर गहरा घाव हुआ है। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

प्रतिबंध के बावजूद बिक्री पर उठे सवाल

इस घटना ने जिले में चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद कुछ दुकानदार चोरी-छिपे इसकी बिक्री कर रहे हैं। बाइक सवारों, राहगीरों और बच्चों के लिए यह मांझा गंभीर खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय-समय पर कार्रवाई होने के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावी अभियान चलाने की मांग की है।

डीएम और एसपी से सख्त कार्रवाई की मांग

जनता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिले में चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। दुकानों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित मांझा जब्त किया जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें और इसकी बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सिपाही के घायल होने के बाद पुलिस विभाग में भी घटना को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।