प्रतापगढ़। जिले के कुंडा में मंगलवार, 17 नवंबर से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का शुभारंभ हो गया। कथा के पहले दिन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई चर्चित हस्तियों ने कार्यक्रम में शिरकत की। भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी कथा में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की तारीफ करते हुए कहा कि उनका दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।

बृजभूषण शरण सिंह ने मंच से सनातन धर्म को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सनातन किसी की दया पर निर्भर नहीं है। उनके इस बयान की कार्यक्रम में चर्चा होती रही।

हिंदुओं के बीच एकता पर बोले धीरेंद्र शास्त्री

रामकथा के पहले दिन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने पुराने बयान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने भक्तों के लिए माफी मांगी है, ताकि हिंदू आपस में न लड़ें। उनके मन में राघव और माधव दोनों एक हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हिंदू समाज के बीच एकता बनाए रखना है।

पाकिस्तान से आए हिंदू परिवार भी कथा में शामिल

रामकथा में पाकिस्तान से भारत आए कई हिंदू शरणार्थी परिवार भी शामिल हुए। इन परिवारों को जयपुर से कुंडा लाया गया है। राजा भैया पहले ही इन परिवारों के कथा में शामिल होने की जानकारी दे चुके थे। कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि बुधवार को इन परिवारों के साथ हवन किया जाएगा। इसके बाद ये परिवार प्रयागराज, काशी और अयोध्या में दर्शन करेंगे।

बाबा रामदेव समेत कई प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत

कथा के पहले दिन योग गुरु बाबा रामदेव, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व सांसद संजीव बालियान, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडेय और दिनेश प्रताप सिंह सहित कई नेता पहुंचे। इनके अलावा विधायक अभय सिंह और राकेश सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

20 नवंबर को होगा रामकथा का समापन

कुंडा में आयोजित यह रामकथा 20 नवंबर तक चलेगी। अंतिम दिन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार भी आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 16 नवंबर को कुंडा और प्रतापगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों में कलश यात्रा निकाली गई थी।