गोण्डा : समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री धरतीपुत्र श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय गोण्डा में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके बताए समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों, किसानों व नौजवानों के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
अरशद हुसैन ने की अध्यक्षता, जावेद मंटू ने किया संचालन
कार्यक्रम की अध्यक्षता अरशद हुसैन ने की, जबकि संचालन सपा प्रवक्ता जावेद मंटू ने किया। वक्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा को याद करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने कहा कि नेताजी केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। उन्होंने हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की आवाज बुलंद की। आज सभी कार्यकर्ताओं को उनके सिद्धांतों पर चलते हुए समाजवादी आंदोलन को मजबूत करना चाहिए।

पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के अवसर दिए। उनकी सादगी, संघर्ष और जमीन से जुड़ाव सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। नौजवान नेताजी के सपनों का उत्तर प्रदेश बनाने के लिए काम करेंगे।
बेरोजगारी, महंगाई और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का आह्वान
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष युवजन सभा सरफराज सोनू ने कहा कि नेताजी ने हमेशा युवाओं को सम्मान दिया। युवजन सभा उनके बताए रास्ते पर चलते हुए बेरोजगारी, महंगाई और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
सपा नेता महेन्द्र वर्मा ने कहा कि नेताजी ने गांव और गरीब की राजनीति को ताकत दी तथा सत्ता को गरीब की झोपड़ी तक पहुंचाने का काम किया। कार्यकर्ता उनके आदर्शों और विचारों को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम को विनोद शुक्ला, हाजी जाकिर, अरशद खान, मंटू काजी, अंजू वर्मा, मंशा राम वर्मा, शिव कुमार विश्वकर्मा, फहीम पप्पू, सहन अख्तर, दिनेश यादव, सिद्धार्थ सिंह, अफजल खान और प्राग दत्त मिश्रा ने भी संबोधित किया। सभी ने नेताजी के जीवन, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा पर अपने विचार रखे।
इस मौके पर विपिन चन्द वर्मा, जैस राज यादव, बलराम यादव, यार मोहम्मद, राजेश दीक्षित, जे.पी. श्रीवास्तव, शाहिद खान, जितेन्द्र नाथ सप्पू, अकेले वारसी, संदीप दुबे, अंकित सम्राट, नबील खान, फरहान सिद्दीकी, साहब राम यादव, रवि विश्वकर्मा, वकील अहमद, कुलदीप श्रीवास्तव, कस्तूरी यादव, जैसे अख्तर, विरजेश यादव, फिरोज खान और कर्ता राम यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।