गोण्डा। गोंडा के करनैलगंज क्षेत्र में घायल मिले ई-रिक्शा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार सुबह लखनऊ मेडिकल कॉलेज में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे
बटौरा बख्तावर ग्राम पंचायत के मजरा नूरपुर के रहने वाले 35 साल के विजय प्रकाश शुक्ला पांच नवंबर को दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। उसी रात करीब नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह पतिसा-परसा संपर्क मार्ग पर शिवशंकर पुरवा के पास घायल अवस्था में पड़े हैं।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उसी रात करीब 12 बजे उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। यहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह करीब छह बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के चचेरे भाई जय प्रकाश शुक्ला ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि विजय सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े थे और उनके ऊपर मोटरसाइकिल गिरी हुई थी। उनके सिर पर हेलमेट भी लगा हुआ था। परिजनों ने सवाल उठाया कि हादसे के बाद मोटरसाइकिल उनके ऊपर कैसे आ गई और हेलमेट क्यों नहीं निकला। उनका कहना है कि जिस स्थिति में विजय मिले थे, वह सामान्य सड़क हादसा नहीं लग रहा था।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे परिजन शव लेकर गोंडा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। करनैलगंज कोतवाल अभय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और परिस्थितियों की पुष्टि हो सकेगी।