लखीमपुर खीरी : जिले के हैदराबाद थाना क्षेत्र की अजान पुलिस चौकी के अंतर्गत दिनदहाड़े झपटमारी की घटना सामने आई है। मुंडन संस्कार में जा रही महिला के कान से बाइक सवार अज्ञात बदमाश सोने के कुंडल नोचकर फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं। पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
नहर पुल के पास दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, ग्राम विहारीपुर निवासी अमित कुमार जायसवाल 20 नवंबर को अपनी मां सुषमा देवी और दादी सोमवती को लेकर दानपुर मुढ़िया में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
दोपहर करीब एक बजे जब उनकी बाइक मढ़िया नहर पुल के पास पहुंची, तभी पीछे से एचएफ डीलक्स बाइक पर सवार होकर आए एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला के कान से सोने के कुंडल नोच लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस को दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपी की तलाश और कार्रवाई की मांग की है। अमित कुमार जायसवाल ने 21 नवंबर को अजान पुलिस चौकी में तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।