करनैलगंज (गोंडा)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर करनैलगंज स्थित सरयू घाट पर श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु सरयू घाट पहुंचे और पवित्र सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने श्री संतेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर घाट और आसपास के क्षेत्रों में भव्य मेले का आयोजन भी किया गया। मेले में सैकड़ों की संख्या में तरह-तरह की दुकानें सजी रहीं, जहां श्रद्धालुओं और मेले में आए लोगों ने जमकर खरीदारी की। मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला।

दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने के चलते सरयू घाट पर दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। चारों ओर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्तिक पूर्णिमा का यह पर्व करनैलगंज में श्रद्धा, भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम बन गया।