लखनऊ। नोटबंदी के दौरान बैंक की लाइन में लगने के समय पैदा हुए खजांची का 10वां जन्मदिन मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खजांची को जन्मदिन की बधाई दी और उपहार भेंट किए। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उसे स्नेहपूर्वक उपहार दिए। इस दौरान कुल 1 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि खजांची को भेंट की गई। कार्यक्रम में उसकी मां और भाई सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर साल खजांची का जन्मदिन मनाती है। खजांची का जन्म नोटबंदी के दौरान हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा को भी उसका जन्मदिन मनाना चाहिए और उसे गोद लेना चाहिए, लेकिन इस तरह नहीं जैसे भाजपा नेताओं ने गांवों को गोद लेकर बाद में अनाथ छोड़ दिया।

अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दस साल पूरे होने का जिक्र करते हुए इसे भाजपा की नाकामयाबी के दस साल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुई। नकदी के चलन में 70 प्रतिशत वृद्धि होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी के समय बताए गए लक्ष्य पूरे नहीं हुए। उन्होंने नोटबंदी को स्लो प्वाइजन बताते हुए आरोप लगाया कि नोट बदलने के खेल ने बैंकिंग व्यवस्था को प्रभावित किया।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी से किसान, व्यापारी, रेहड़ी-पटरी वाले, छोटे दुकानदार और कारखाने प्रभावित हुए। कई कारखानों पर ताले लग गए और वे दोबारा उबर नहीं पाए। उन्होंने बैंकों की कार्यप्रणाली और खातों से पेनाल्टी के नाम पर पैसे काटे जाने को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का दावा कर रहे हैं, उनके नोटबंदी के नकारात्मक फैसले ने देश को 1947 से भी पीछे कर दिया।

कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक/पूर्व मंत्री इन्द्रजीत सरोज, सांसद आर.के. चौधरी, सांसद आनन्द भदौरिया, सांसद लक्ष्मीकांत निषाद उर्फ पप्पू निषाद, सांसद पुष्पेन्द्र सरोज, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक संदीप पटेल, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल और प्रदेश अध्यक्ष सिकन्दर यादव सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।