बाराबंकी। रामनगर ब्लॉक के कटियारा स्थित आश्रय सेवा स्थल चांदमामऊ गौशाला में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा ने लगभग 12 लाख रुपये की लागत से स्थापित गो वसुंधरा किण्वित तरल जैविक खाद प्लांट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से गाय का पूजन कर गौसेवा का संदेश दिया। प्लांट के शुरू होने से गौशाला में गोबर और अन्य जैविक अपशिष्ट का उपयोग कर प्राकृतिक खाद तैयार की जा सकेगी, जिससे किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा ने कहा कि गो वसुंधरा प्लांट का उद्घाटन किया गया है। इसके माध्यम से गौशाला में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए जैविक खाद तैयार की जाएगी। इससे गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में जैविक खाद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

गो वसुंधरा एक किण्वित तरल जैविक खाद है, जिसे वायुरहित प्रक्रिया से तैयार किया जाता है। इसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश सहित आवश्यक पोषक तत्व संरक्षित रहते हैं, जो पौधों की वृद्धि में सहायक होते हैं। इसका उपयोग सिंचाई के पानी के साथ, आधार खाद तथा पत्तियों पर छिड़काव के रूप में किया जा सकता है। इसके नियमित प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति और संरचना में सुधार होने के साथ फसल उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है।

इस जैविक खाद की खासियत यह भी है कि इसमें मौजूद पोषक तत्व पौधों के लिए उपयोगी होते हैं। इसके इस्तेमाल से मिट्टी में ह्यूमस की मात्रा बढ़ाने, दीमक और अन्य कीटों के प्रभाव को कम करने तथा खरपतवार नियंत्रण में भी मदद मिल सकती है। किण्वन प्रक्रिया के कारण इसे प्राकृतिक खेती के लिए उपयोगी विकल्प माना जा रहा है।

कटियारा गौशाला में वर्तमान में कुल 532 गोवंश संरक्षित हैं। प्लांट की स्थापना से गोवंशों के संरक्षण के साथ उनके अपशिष्ट का सदुपयोग कर जैविक खाद उत्पादन की दिशा में नई पहल शुरू हुई है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजमल वर्मा, ग्राम विकास अधिकारी रत्नेश, ग्राम विकास अधिकारी ऋषभ पांडेय, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य राम शंकर लोधी सहित संबंधित कंपनी के अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।