रुपईडीह, गोंडा। ब्लॉक रुपईडीह क्षेत्र में विद्युत उपकेंद्र आर्यनगर से संचालित 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन ग्रामीणों के लिए खतरे का सबब बनी हुई है। फरेंदा समेत कई ग्राम पंचायतों को बिजली आपूर्ति करने वाली इस लाइन का तार परसा नहर के मुख्य गेट के पास माइनर के बगल में काफी नीचे झूल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, तार जमीन से लगभग 10 दस मीटर की ऊंचाई पर होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में माइनर की सफाई के दौरान कार्य की माप कर रहे एक युवक की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद भी विद्युत विभाग ने अब तक संबंधित लाइन को ऊंचा कराने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता से लेकर जिले के उच्च अधिकारियों तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। खेतों के आसपास नीचे लटकते तारों से किसानों और राहगीरों को हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीण मिथुन अवस्थी, रामबदल और पवन कुमार सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि हादसे का इंतजार किए बिना तत्काल तार को निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई पर कराया जाए।
इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र आर्यनगर के एसडीओ बृजेश कुमार ने बताया कि संबंधित स्थल का जल्द ही निरीक्षण कराया जाएगा और विद्युत तार को ऊंचा करवाया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
अब सवाल यह है कि क्या विभाग किसी और हादसे से पहले इस गंभीर समस्या का समाधान करेगा?