असोथर, फतेहपुर। थाना असोथर क्षेत्र के मुराइन मोहल्ले के पास खेत में खड़े हार्वेस्टर की सफाई करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद साथियों में अफरा-तफरी मच गई।

रामपुर जिले के सिंधपुरा गांव निवासी करनदीप सिंह हार्वेस्टर चालक के सहायक के रूप में काम करता था। मंगलवार को वह साथियों के साथ धान की कटाई के लिए असोथर आया था। बताया गया कि खेत में खड़ी हार्वेस्टर मशीन पर चढ़कर सफाई करते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया।

करंट लगने से करनदीप गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। साथी आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।