लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोमती तट स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता भी समृद्ध हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में रह रहे उत्तराखंड के लोगों ने अपनी लोक संस्कृति, भाषा और परंपराओं को सहेजने के साथ ही नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों की परंपराओं को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करते हैं।

दो विभूतियों को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान

समारोह में विज्ञान के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री प्रो. विजय प्रसाद डिमरी और लोक गायन के क्षेत्र में उत्तराखंड की स्वर कोकिला बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों विभूतियों के योगदान की सराहना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महासभा की वार्षिक सांस्कृतिक पत्रिका 'उत्तराखंड दर्पण' का भी विमोचन किया। पत्रिका की विषयवस्तु 'विकसित भारत-श्रेष्ठ भारत' रखी गई है। इसके मुख्य संपादक पूरन सिंह जीना हैं।

महोत्सव में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देवभूमि की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिली। आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।