फतेहपुर। जनपद के जहानाबाद कस्बे में स्कूटी के पायदान पर रखे 2.80 लाख रुपये से भरे बैग की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जहानाबाद पुलिस ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जनपद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 2.50 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी के दो अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।
दुकान पर रुके व्यापारी का बैग लेकर फरार हुआ था चोर
पुलिस के अनुसार, बीते 2 नवंबर 2026 को जहानाबाद निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह 2.80 लाख रुपये एक बैग में रखकर पोस्ट ऑफिस और बैंक में जमा करने जा रहे थे। रास्ते में एक दुकान पर चेक लेने के लिए रुकने के दौरान उन्होंने रुपयों से भरा बैग अपनी स्कूटी के पायदान पर रख दिया। इसी दौरान एक व्यक्ति मौका पाकर बैग चोरी कर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट से गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना जहानाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मैनुअल इनपुट के आधार पर मध्य प्रदेश के राजगढ़ जनपद में थाना बोड़ा क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ी निवासी एरूड़ा पुत्र प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 2.50 लाख रुपये बरामद हुए।
दो अन्य साथियों के नाम भी आए सामने
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों रणवीर और आर्यन सिंह सिसोदिया, निवासी ग्राम कड़िया, थाना बोड़ा, जनपद राजगढ़ (मध्य प्रदेश) के नाम बताए हैं। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कुल पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस टीम को मिला 15 हजार रुपये का पुरस्कार
चोरी की घटना का सफल अनावरण करने और नकदी बरामद करने पर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।