पट्टी। नगर से सटे कोठियार गांव में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों और ठेकेदार के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि मानकों के विपरीत सड़क निर्माण कराए जाने का विरोध करने पर ठेकेदार ने ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की और फायरिंग कर दी। गोली चलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से करीब 30 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण का टेंडर स्वीकृत हुआ है। आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही थी। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

इसी बात को लेकर मौके पर पहुंचे ठेकेदार से ग्रामीणों का विवाद हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने गाली-गलौज करते हुए फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके से कारतूस का खोखा बरामद, वाहन कब्जे में
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा बरामद किया। इसके साथ ही महिंद्रा थार और गिट्टी लदे स्वराज ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया। मामले में गांव निवासी मुन्ना पटेल ने पुलिस को तहरीर दी है।

नामजद आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा
सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने नामजद आरोपी जावेद अख्तर और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।