बांदा। जिस घर में कभी बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। महज 20 साल की वंदना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। करीब 15 साल पहले मां का साया उठ चुका था। अब जवान बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मामला पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहा कलां गांव का है।
शनिवार को गांव निवासी रामकृपाल सोनकर की 20 वर्षीय बेटी वंदना का शव घर के अंदर कच्ची कोठरी में लगी कड़ी से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में सनसनी मच गई। देखते ही देखते घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जाता है कि वंदना रोजाना की तरह सुबह पास के हैंडपंप से नहाने के लिए पानी भरकर घर के अंदर गई थी। इसके बाद उसने मुख्य दरवाजे की कुंडी अंदर से बंद कर ली। उस समय पिता रामकृपाल घर के पीछे खेत में बरसीम बोने गए थे, जबकि छोटा भाई घर के बाहर सो रहा था।
कुछ देर बाद भाई की नींद खुली तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उसने पिता को सूचना दी। पिता घर के पीछे से चढ़कर अंदर पहुंचे तो बेटी को फंदे पर लटका देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
वंदना तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर की थी। वह राजकीय महाविद्यालय पिपरहरी में बीए की पढ़ाई कर रही थी। उसकी मां निर्मला का करीब 15 वर्ष पहले निधन हो चुका था। बड़ी बहन किरण एक दिन पहले ही मायके से अपनी ससुराल गई थी। परिवार में किसी तरह के विवाद की बात सामने नहीं आई है। ऐसे में वंदना ने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल सका है।
पिता रामकृपाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज कृष्णपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक परिवार ने पहले मां को खोया और अब जवान बेटी की मौत ने उसकी खुशियां छीन लीं। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर वंदना ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।