गोंडा। कौड़िया थाना क्षेत्र के सल्दी बल्दी पुरवा, मौजा रामापुर में भैंस चराने को लेकर दो बच्चों के बीच शुरू हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक बच्चे के पिता पर अवैध तमंचा लेकर पहुंचने का आरोप लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई। ग्रामीणों ने व्यक्ति को तमंचे सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को राज और सनी के बीच भैंस चराने को लेकर विवाद हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर सनी के पिता पुजारी प्रसाद दूबे मौके पर पहुंचे और राज को खेत में पटक दिया। इससे उसके दाहिने पैर में मोच आ गई।

घटना की जानकारी मिलने पर राज के पिता राधिका प्रसाद दूबे अपने भाई और पुत्र के साथ पुजारी प्रसाद दूबे के घर पहुंचे। वहां पुत्र के उपचार को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पुजारी प्रसाद दूबे ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर से अवैध तमंचा निकाल लाए।

ग्रामीणों की सतर्कता से टली बड़ी घटना

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने स्थिति को संभालते हुए व्यक्ति को तमंचे सहित पकड़ लिया। इस दौरान हुई छीना-झपटी में उसके सिर और हाथ में चोटें आईं। ग्रामीणों ने तमंचा छीनकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

अवैध तमंचा बरामद, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बरामद अवैध तमंचे और प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 281/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुजारी प्रसाद दूबे पुत्र स्वर्गीय आदित्य प्रसाद दूबे निवासी सल्दी बल्दी पुरवा, मौजा रामापुर, थाना कौड़िया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद किया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राहुल प्रताप सिंह की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।