बांदा। एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे ग्राहक को लगता था कि मशीन खराब है, लेकिन हकीकत कुछ और ही थी। एटीएम के भीतर शातिरों ने ऐसा खेल रचा था कि मशीन से रुपये निकलने के बावजूद नकदी ग्राहक तक पहुंचती ही नहीं थी। कैश स्लॉट में नकली शटर लगाकर रुपये फंसाने वाले दो शातिरों का बांदा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 5960 रुपये नकद समेत वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य सामान बरामद किया है। मामला शहर के बंगालीपुरा स्थित एटीएम का है।
10 और 11 नवंबर की रात परशुराम तालाब निवासी वीरेंद्र कुमार 15 हजार रुपये निकालने एटीएम पहुंचे थे। पूरी प्रक्रिया करने के बावजूद मशीन से रुपये बाहर नहीं आए। उन्हें लगा कि एटीएम में कोई तकनीकी खराबी है। इसी तरह एक अन्य ग्राहक के भी पांच हजार रुपये एटीएम से नहीं निकल सके। शिकायत मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम, ग्राहक को नहीं होती थी भनक
आरोपियों ने एटीएम से नकदी चोरी करने का बेहद शातिर तरीका अपनाया था। वे प्लास की मदद से कैश निकलने वाले स्लॉट के कवर को क्षतिग्रस्त कर उसमें टेप और फेवीक्विक की सहायता से कृत्रिम शटर लगा देते थे। बाहर से देखने पर एटीएम बिल्कुल सामान्य दिखाई देता था।
जब कोई ग्राहक रुपये निकालने की प्रक्रिया पूरी करता तो मशीन नकदी जारी कर देती, लेकिन नकली शटर लगे होने के कारण रुपये बाहर नहीं निकल पाते और स्लॉट के अंदर ही फंस जाते थे। ग्राहक मशीन को खराब समझकर वहां से चला जाता था। इसके बाद आरोपी कवर खोलकर फंसी हुई नकदी निकाल लेते और मौके से फरार हो जाते थे।
सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस ने महोखर बाईपास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पुत्र अशोक और अजय पुत्र रामदास निवासी कंचन पुरवा, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है।
नकदी से लेकर वारदात में इस्तेमाल औजार तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5960 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड, एक प्लास, तीन प्लेट, तीन टेप के बंडल, सिल्वर स्प्रे पेंट, तीन रबर, फेवीक्विक, बिजली का टेप और एक बैग बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में मुकदमा अपराध संख्या 581/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अन्य एटीएम में भी इसी तरीके से नकदी चोरी की है या नहीं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, चौकी प्रभारी आकाश शुक्ला, कांस्टेबल नवीन कुमार यादव, प्रशांत कुमार और सौरभ शामिल रहे।