लखनऊ। राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने दामाद पर 12 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के बाद उसका गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छह महीने पहले ससुराल आया था आरोपी

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, महिला की बड़ी बेटी की शादी करीब छह साल पहले साहिद नामक युवक से हुई थी। लगभग छह महीने पहले बड़ी बेटी की तबीयत खराब होने पर साहिद अपनी पत्नी के साथ फैजुल्लागंज स्थित ससुराल आया था। आरोप है कि दोनों करीब सात दिनों तक वहां रुके थे। इसी दौरान साहिद ने अपनी 12 वर्षीय नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि इस घटना के कारण किशोरी गर्भवती हो गई।

दवा से नहीं हुआ गर्भपात, निजी अस्पताल में भर्ती कराने का आरोप

शिकायत में बताया गया है कि किशोरी ने गर्भवती होने की जानकारी आरोपी को दी तो उसने गर्भपात कराने की दवा खिला दी, लेकिन दवा का असर नहीं हुआ। करीब छह महीने का गर्भ होने पर किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उसकी मां को पूरे मामले की जानकारी हुई। आरोप है कि साहिद ने किशोरी की जान को खतरा बताकर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका गर्भपात कराया गया।

परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामला सामने आने के बाद 26 नवंबर की रात करीब नौ बजे साहिद 10 से 12 लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि वहां उसने पुलिस से शिकायत करने पर पूरे परिवार और खानदान को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही अपनी पत्नी यानी पीड़िता की बड़ी बहन को भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

घटना से परेशान पीड़िता की मां ने शुक्रवार को मड़ियांव थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की। थाना प्रभारी के अनुसार, शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।