फतेहपुर। सदर तहसील के मुख्य गेट के सामने दिनदहाड़े असलहों का प्रदर्शन कर एक महिला और उसके परिवार को धमकाने का मामला सामने आया है। जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर तहसील पहुंची महिला के पति और आठ वर्षीय बेटी के सामने कथित दबंगों ने गाड़ियों से लाइसेंसी बंदूकें और पिस्टल निकालकर लहराईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़िता ने आरोपितों पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता रेखा देवी के मुताबिक, उनके पिता सेना में कार्यरत थे। उनकी मृत्यु 17 मई 2021 को हो गई थी। पिता के निधन के बाद रमेश उर्फ केशव नामक व्यक्ति वर्ष 2023 में कथित तौर पर फर्जी चाचा बनकर सामने आया और परिवार की जमीन व मकान पर कब्जा कर लिया। महिला का दावा है कि उसके पिता के नाम करीब 45 बीघा जमीन थी, जिस पर रमेश उर्फ केशव, प्रमोद तिवारी, आयुष तिवारी, प्रांजल, भोला तिवारी और उनके परिवार के लोगों ने कब्जा कर लिया है।

महिला ने बताया कि संपत्ति पर कब्जे की शिकायत जिलाधिकारी से की गई थी। इसके बाद तहसीलदार ने उसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ सदर तहसील बुलाया था। आरोप है कि जब वह अपने पति और आठ वर्षीय बेटी के साथ तहसील पहुंची, तभी आधा दर्जन से अधिक लोग गाड़ियों से आए और असलहे निकालकर परिवार को धमकाने लगे। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
तहसील परिसर के सामने असलहों का प्रदर्शन देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपितों में एक व्यक्ति पुलिस विभाग में कार्यरत है और वर्तमान में वाराणसी में दीवान के पद पर तैनात है। महिला ने अपनी संपत्ति पर कब्जे और परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने के संबंध में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाली पुलिस ने महिला के शिकायती पत्र के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।