गोंडा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महंगूपुर गांव में मंगलवार दोपहर टेढ़ी नदी में स्नान करने गए 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे बाद किशोर का शव डूबने वाले स्थान से लगभग 20 मीटर दूर बरामद किया गया। नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, लल्लू सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपने साले विशाल (17) पुत्र अलबेल सिंह और दो अन्य लोगों के साथ गांव के दक्षिण स्थित टेढ़ी नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान नहाते समय विशाल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में दिखाई नहीं दिया।

शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और नाव की मदद से किशोर की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर नवाबगंज थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई, लेकिन करीब एक घंटे तक कोई सहायता टीम नहीं पहुंची।
इसके बाद गांव के पूर्व प्रधान पवन कुमार तिवारी ने स्थानीय गोताखोरों को तलाश के लिए बुलाया। कस्बे के रामभवन निषाद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खोज अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने करीब दस मिनट की तलाश में ही डूबने वाले स्थान से लगभग 20 मीटर दूर विशाल का शव बरामद कर लिया।
सीएचसी में चिकित्सक ने मृत घोषित किया

शव को नवाबगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉ. सूरज प्रजापति ने परीक्षण के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज रेफर करने की मांग करने लगे। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन सहमत हुए, जिसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। सीओ यूपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था विशाल
विशाल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और हाईस्कूल का छात्र था। उसका बड़ा भाई रोहित और दूसरे नंबर का भाई मोहित पुणे में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं, जबकि सबसे छोटा भाई दिलीप पढ़ाई करता है। परिवार में बड़ी बहन रूपा की शादी हो चुकी है और उससे छोटी बहन सोनी अविवाहित है।
पिता अलबेल सिंह अस्वस्थ होने के कारण घर पर ही रहते हैं। किशोर की मौत से मां अंजू देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।