गोंडा। कोतवाली नगर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त संजय गौतम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को आरोपी को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय रवाना कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय गौतम पुत्र अमरनाथ ग्राम इमरती विशेन, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा का निवासी है। उसके विरुद्ध थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 1073/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज है।

मोटरसाइकिल और सोने की जंजीर मांगने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, वादी सत्यनारायण पुत्र संतराम निवासी आबिद अली पुरवा, मौजा फिरोजपुर तरहर, थाना कोतवाली देहात ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उनकी पुत्री का विवाह 3 अप्रैल 2026 को संजय गौतम के साथ हुआ था।

आरोप है कि शादी के बाद से ही पति संजय गौतम, सास, ससुर और देवर शनि व ऋषि मोटरसाइकिल तथा सोने की जंजीर की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे। वादी के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री की ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी है।

साक्ष्य संकलन के आधार पर हुई गिरफ्तारी

प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने बताया कि साक्ष्य संकलन के आधार पर मंगलवार को वांछित अभियुक्त संजय गौतम को उसके घर के सामने से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।