गोंडा। जनपद के एससीपीएम नर्सिंग कॉलेज में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि कॉलेज को इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से केवल 40 सीटों पर दाखिले की मान्यता प्राप्त है, जबकि कॉलेज प्रबंधन ने 80 सीटों पर प्रवेश लिया है। इसी को लेकर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रखा।
40 सीटों की मान्यता, 80 दाखिले का आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने उन्हें गुमराह कर दाखिला लिया है। छात्रों को आशंका है कि सीटों की मान्यता को लेकर भविष्य में उन्हें नौकरी और प्लेसमेंट मिलने में परेशानी हो सकती है। सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन और नगर कोतवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

INC अप्रूव्ड सर्टिफिकेट देने की मांग
प्रदर्शनकारी छात्र भानु मिश्रा ने आरोप लगाया कि कॉलेज को इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से केवल 40 सीटों की अनुमति मिली है, इसके बावजूद 80 सीटों पर दाखिले किए गए हैं। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में 40 छात्रों को ही INC से मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र मिलने की बात कही जा रही है, जबकि बाकी छात्रों को अन्य माध्यम से प्रमाणपत्र दिए जाने की आशंका है।
भानु मिश्रा ने कहा, “कॉलेज प्रशासन ने हमें गुमराह किया है। हमने INC की मान्यता के आधार पर दाखिला लिया था, इसलिए हमें सेंट्रल लेवल यानी INC अप्रूव्ड प्रमाणपत्र ही चाहिए, न कि स्टेट लेवल का। यदि हमें उत्तर प्रदेश से बाहर नौकरी करनी होगी, तो स्टेट सर्टिफिकेट के कारण काफी दिक्कतें आ सकती हैं।”

कॉलेज डायरेक्टर ने आरोपों पर दी सफाई
वहीं, पूरे मामले पर कॉलेज के डायरेक्टर अजिताभ दुबे ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा छात्रों को भ्रमित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2017 के बाद से कॉलेज में दाखिले काउंसलिंग के माध्यम से होते हैं और सीटों का निर्धारण कॉलेज प्रशासन नहीं करता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों की समस्याओं को सुना जा रहा है और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। फिलहाल छात्रों की मांगों और कॉलेज प्रशासन के जवाब को लेकर मामला चर्चा में है।