गोंडा न्यूज़: आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष मोहित भारती और मंडल प्रभारी जयशंकर गौतम की मौजूदगी में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें आजाद समाज पार्टी (काशीराम) और एआईएमआईएम के गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की आगामी रणनीति और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का पक्ष रखा गया।

बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को लेकर की गई चर्चा

जिला अध्यक्ष मोहित भारती ने कहा कि 26 नवंबर 2026 को होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प महारैली के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई रैली मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में गोंडा से हजारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। उनके अनुसार, इस रैली के जरिए 2027 विधानसभा चुनाव का आगाज किया जाएगा।

शिक्षा को बताया पार्टी का प्रमुख चुनावी मुद्दा

मोहित भारती ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की योगी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए काम करेगा। उन्होंने दावा किया कि आजाद समाज पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में नया आयाम स्थापित करेगी। पार्टी का प्रमुख चुनावी मुद्दा शिक्षा है और संगठन शिक्षा को सर्वोपरि मानता है। उन्होंने कहा कि दलित, शोषित और वंचित वर्ग के लोगों को पार्टी के बैनर तले एकजुट किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014, 2017, 2022 और 2024 के चुनावों में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा को लेकर जनता के बीच अलग-अलग राजनीतिक परिस्थितियां रही हैं। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता इंडिया गठबंधन से निराश है और शोषित-वंचित बहुजन समाज को पार्टी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद से काफी उम्मीदें हैं।

उन्होंने दावा किया कि चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम का गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर दी प्रतिक्रिया

भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह की ओर से रामकथा के दौरान ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को बेमेल बताए जाने संबंधी बयान पर मोहित भारती ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी पर टिप्पणी नहीं करती, बल्कि अपने काम पर ध्यान दे रही है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

करनैलगंज सीट से उषा साहनी को प्रत्याशी बनाए जाने का स्वागत

मोहित भारती ने बताया कि पार्टी ने करनैलगंज विधानसभा सीट से स्वर्गीय विनोद साहनी की पत्नी उषा साहनी को उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता उनके समर्थन में काम करेंगे।