बांदा। पड़ोस में रहने वालों पर भरोसा करना अतर्रा के दो परिवारों को भारी पड़ गया।कस्बे में दो अलग-अलग घरों में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदातों में एक नाबालिग बालिका और उसका साथी शामिल बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर बालिका को संरक्षण में लिया है।इनके कब्जे से करीब 80 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।
थैले में जेवर लेकर निकलती दिखी लड़की,CCTV से खुला राज

मामला अतर्रा कस्बे के बजरंगनगर का है।यहां रहने वाले रोहित पुत्र लक्ष्मण ने पुलिस को सूचना दी थी कि 13 नवंबर की सुबह अज्ञात चोर उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान एक लड़की हाथ में थैला लेकर घटनास्थल के आसपास से गुजरती दिखाई दी।पुलिस ने यक्ष ऐप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए उसकी पहचान की तो चोरी की वारदात में नाबालिग बालिका की भूमिका सामने आई।
एक नहीं,दो घरों में कर चुके थे चोरी
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि बालिका ने अपने साथी सत्येन्द्र उर्फ सत्यम उर्फ लकी निवासी रसिन,थाना भरतकूप,चित्रकूट के साथ मिलकर 13 नवंबर की चोरी को अंजाम दिया था।इतना ही नहीं,दोनों ने इससे पहले 18 जुलाई 2026 को अपने पड़ोसी रूपम के घर में भी चोरी की थी।पुलिस ने दोनों घटनाओं का खुलासा करते हुए 15 नवंबर को सत्येन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।
सोने के हार से लेकर चांदी की पायल तक बरामद

पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद हुए हैं।इनमें सोने के हार,मंगलसूत्र,चेन,अंगूठियां, चूड़ियां,झुमके,नथुनी और चांदी की पायल,पैजेब व बिछिया समेत कई कीमती सामान शामिल हैं।इसके अलावा एक बुलेट और एक पल्सर मोटरसाइकिल,आधार कार्ड,वोटर कार्ड और 2200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।पुलिस ने बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई है।
एसपी के निर्देशन में पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन,अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता के नेतृत्व में थाना अतर्रा पुलिस ने की।गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है,जबकि नाबालिग बालिका के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम:उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह,उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप,कांस्टेबल रविन्द्र श्रीवास,कांस्टेबल राहुल और महिला कांस्टेबल शिवानी सिंह।