हरदोई। दीपावली की रात कैंटीन संचालक को निशाना बनाकर हुई लूट की वारदात का हरदोई पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली देहात पुलिस, सर्विलांस और एसओजी/स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी विजेंद्र के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, बीती 8 नवंबर की रात करीब 10:26 बजे राजेश कुमार सिंह, कैंटीन संचालक सुरजीत कुमार को मोटरसाइकिल से हरियावां से हरदोई लेकर आ रहे थे। इसी दौरान पोखरी तिराहे से करीब 100 मीटर आगे पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने नकदी से भरा बैग लूट लिया और पिहानी रोड की ओर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच 12 और 13 नवंबर की मध्यरात्रि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नयागांव मोड़ के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की गई।
पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। एक बाइक पर सवार तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विजेंद्र पुत्र भभूति निवासी रिक्खापुरवा के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, 1,45,730 रुपये बरामद
पुलिस ने मामले में शोभित, अंकुल, गंगे और विजेंद्र को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 1 लाख 45 हजार 730 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिलें, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
दीपावली की रात हुई लूट की वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।