Mainpuri News: मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की ओर से PDA पंचायत एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम विघरई दरवाह नगरिया में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और PDA समाज की एकजुटता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान करहल विधायक एवं पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आलोक कुमार शाक्य और एमएलसी मुकुल यादव समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
‘करहल की जनता हमेशा समाजवादी विचारधारा के साथ रही’
करहल विधायक तेज प्रताप सिंह यादव ने कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि करहल की जनता हमेशा समाजवादी विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता के अधिकारों की लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक जारी रहेगी। तेज प्रताप सिंह यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
PDA की एकता को बताया बदलाव का आधार
डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज की एकजुटता ही PDA की ताकत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही है और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने की अपील की। राजपाल कश्यप ने कहा कि PDA की एकता आने वाले समय में बदलाव का आधार बनेगी।
चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान
सपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनता से सीधा संपर्क ही चुनावी सफलता का आधार बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करने का संकल्प भी लिया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में खुमान सिंह वर्मा, सुखवीर सिंह यादव, देवेंद्र सिंह यादव, एडवोकेट देवेंद्र सिंह यादव, मुंशी लाल कश्यप, जादूनन्दन कश्यप, घनश्याम कश्यप, लखपत कश्यप, रामपाल कश्यप, धनीराम, सिपाही राम, मुकेश कश्यप, राजू कश्यप, रामनिवास, रामवीर कश्यप, कन्हैया लाल, लालू कश्यप, विपिन कश्यप, मौहकम सिंह कश्यप, अजय राठौर, अजब सिंह, मुकेश बाथम, राजकुमार कश्यप, सरवन कश्यप, उमेश कश्यप, अखिलेश कश्यप, विनोद कश्यप समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
स्रोत/क्रेडिट: समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश


