लखीमपुर खीरी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में मेरा युवा भारत, लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत धौरहरा विकास खंड के राजकीय इंटर कॉलेज में आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी संकल्प शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि एवं समाजसेवी गोपाल शंकर अवस्थी, थानाध्यक्ष धौरहरा राहुल कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों, राष्ट्र निर्माण और नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया गया।

माय भारत पोर्टल से जुड़ने के लिए युवाओं को किया प्रेरित

कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी संकल्प शुक्ला ने युवाओं को माय भारत पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल पर संचालित विभिन्न गतिविधियों, युवाओं की सहभागिता के अवसरों और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़कर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

नशे के दुष्परिणाम बताकर युवाओं को किया जागरूक

नशामुक्ति जागरूकता सत्र में शिक्षक अखिलेश श्रीवास्तव, सालिकराम, महेश मिश्रा एवं जितेंद्र वर्मा ने नशे के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी जागरूक करने और परिवार एवं समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की।

नशामुक्ति की शपथ लेकर लिया स्वस्थ समाज बनाने का संकल्प

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अभिषेक कुमार, सुजीत कुमार, गौरव पांडेय एवं तुषार भल्ला ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन उपस्थित अतिथियों और युवाओं द्वारा नशामुक्ति की शपथ ग्रहण के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा पीढ़ी की भूमिका को रेखांकित किया गया।