मुरादाबाद/गांधी नगर। मुरादाबाद के गांधी नगर पब्लिक स्कूल में लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन, दिल्ली के तत्वावधान में कंप्यूटर ओलंपियाड परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कंप्यूटर संबंधी जानकारी और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर गुलाटी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर का ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी के लिए बेहद आवश्यक है। इस तरह के ओलंपियाड विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से जागरूक बनाने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तकनीकी ज्ञान के साथ अनुशासन भी जरूरी
कार्यक्रम में लायंस क्लब मुरादाबाद सम्राट के सचिव लायन रवि कोल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जिम्मेदारी और समय के सदुपयोग का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान हासिल करने के साथ उसका उपयोग समाज और देश के हित में करना चाहिए।
कार्यक्रम में ओलंपियाड कोऑर्डिनेटर दिव्या अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सभी के सहयोग से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।