मुरादाबाद। गांधी नगर पब्लिक स्कूल में लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन, दिल्ली के तत्वावधान में लायंस मैथ ओलंपियाड परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में कक्षा 1 से 10 तक के कुल 203 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी गणितीय क्षमता, तार्किक सोच और समस्या समाधान कौशल का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर गुलाटी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगी परीक्षाएं विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलता है।

वहीं, लायंस क्लब मुरादाबाद सम्राट के सचिव लायन रवि कोल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, समय की पाबंदी और नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के आयोजन करना लायंस क्लब की सेवा भावना का हिस्सा है।

परीक्षा के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, ओलंपियाड कोऑर्डिनेटर दिव्या अग्रवाल ने आयोजन के लिए लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने और गणित विषय के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिला।