खरगूपुर, गोंडा। पृथ्वीनाथ–विरसुनापुर मार्ग से बहराइच सीमा को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है और कई स्थानों पर इसकी सतह उखड़ चुकी है। ऐसे में राहगीरों और वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने के साथ ही मार्ग का चौड़ीकरण जल्द शुरू कराने की मांग की है।
जर्जर सड़क से रोजाना हजारों लोग परेशान
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग बहराइच सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के लिए आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। गड्ढों और उखड़ी सड़क के चलते वाहन चलाना मुश्किल हो जाता है, वहीं दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से आवागमन की समस्या लगातार बनी हुई है। मार्ग की हालत सुधरने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सकती है।
ग्रामीणों ने की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग
बरबदही गांव निवासी संदीप कुमार तिवारी तथा कटैया निवासी शाकिर, मसीहुद्दीन, मजीद, शलीम, किनकरऊ, कलीम, इजराइल, निबरे, शहजाद, एजाज और मोहम्मद कैयूम समेत अन्य ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति पर चिंता जताई है।
ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग की मरम्मत के साथ चौड़ीकरण होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क पर चलने वाले वाहनों के लिए रास्ता अधिक सुगम हो सकेगा। उन्होंने संबंधित विभाग से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
टेंडर ऑनलाइन, स्वीकृति के बाद शुरू होगा काम

सड़क चौड़ीकरण को लेकर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता नृपेन्द्र कुमार शुक्ल ने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण के लिए टेंडर ऑनलाइन हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
अब ग्रामीणों को सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने और जर्जर मार्ग की समस्या से राहत मिलने का इंतजार है।
रिपोर्टः श्री प्रकाश शुक्ला (ब्लॉक संवाददाता, रूपईडीह)