अयोध्या। खेल के मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाने वाले आरक्षी सर्वेश कुमार यादव को पदोन्नति प्रदान की गई है। अखिल भारतीय पुलिस बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता उत्तर प्रदेश पुलिस टीम के सदस्य रहे सर्वेश कुमार यादव को आरक्षी पद से मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

फाइनल में केरल पुलिस को दी थी करारी शिकस्त

जनवरी 2026 में पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता के पुरुष बास्केटबॉल फाइनल में उत्तर प्रदेश पुलिस ने शानदार प्रदर्शन किया था। 23 जनवरी 2026 को खेले गए मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम ने केरल पुलिस को 69-42 से हराकर 27 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन पर मिला सम्मान

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य आरक्षी सर्वेश कुमार यादव (पीएनओ: 180670693) जनपद अयोध्या में तैनात हैं। उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और पुलिस बल का गौरव बढ़ाने वाली उपलब्धि के प्रोत्साहन स्वरूप उन्हें मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई।

पुलिसकर्मियों के लिए बने प्रेरणास्रोत

सर्वेश कुमार यादव की यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कर्तव्य के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को भी सम्मान और प्रोत्साहन मिलता है।

मुख्य आरक्षी सर्वेश कुमार यादव को पदोन्नति पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।